आर्थिक चुनौतियां हैं, सरकार भी चलानी है- पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर बोले बाबा रामदेव, लोग करने लगे ऐसे कमेंट


देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में आए दिन वृद्धि देखने को मिल रही है। बीते शनिवार को भी पेट्रोल डीजल के दामों में 35-35 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई। ऐसे में दिल्ली सहित देश के कई बड़े शहर में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर पार कर चुका है। इसी बीच बाबा रामदेव का भी पेट्रोल-डीजल को लेकर दिया गया बयान खूब सुर्खियां बटोर रहा है। दरअसल, यूपीए सरकार के वक्त बाबा रामदेव ने ट्वीट किया था कि अगर कालाधन वापस आ जाएगा तो पेट्रोल 30 रुपये प्रती लीटर मिलेगा। हालांकि अपने बयान से यू-टर्न लेते हुए अब बाबा रामदेव ने आर्थिक चुनौतियों का नाम लेते हुए सरकार का बचाव किया।

बाबा रामदेव का इससे जुड़ा वीडियो भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है, जिसमें उनसे पूछा गया कि आपने कहा था कि कालाधन आ जाएगा तो पेट्रोल 30 रुपये प्रति लीटर मिलेगा? लेकिन अब तो दाम बढ़ रहे हैं तो क्या कालाधन भी बढ़ रहा है? इसका जवाब देते हुए बाबा रामदेव ने कहा, “कालाधन, भ्रष्टाचार के लिए हमने जो पूरे देश में आंदोलन चलाया था तो उस वक्त मैंने कुछ प्रावधान रखे थे।”


बाबा रामदेव ने अपने बयान में आगे कहा, “अलग-अलग प्रकार के आर्थिक सुधार के जो कार्यक्रम थे, मैंने बोला था कि क्रूड ऑयल के रेट के हिसाब से अगर तेल बेचा जाए और टैक्स कम कर दिए जाए तो निश्चित रूप से जो मैंने कहा था, वो हो सकता था। अब सरकार ने जिस तरह से पूरी अर्थव्यवस्था को संजोया है।”

रामदेव ने अपने बयान में आगे कहा, ” अलग-अलग आर्थिक चुनौतियां हैं, सरकार को सरकार भी चलानी है, राष्ट्रहित के सामाजिक कार्यों को भी जारी रखना है। तो जो टैक्स है, वह उसे नहीं हटा पा रहे हैं। लेकिन कभी न कभी तो सपना जरूर साकार होगा, ये उम्मीद है।” बाबा रामदेव के इस बयान को लेकर अब विपक्षी दलों के नेता सहित सोशल मीडिया यूजर भी खूब ट्वीट कर रहे हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post